तीन दिवसीय गणेशोत्सव मेला का बखरी में फीता काट किया गया उद्घाटन

 तीन दिवसीय गणेशोत्सव मेला का बखरी में फीता काट किया गया उद्घाटन


जनक्रांति कार्यालय से संवाददाता नेहा कुमारी की रिपोर्ट


हिंदू धर्म के प्रमुख पांच देवी देवताओं यानि सूर्य, विष्णु, शिव, शक्ति और गणपति में भगवान गणेश की पूजा सबसे प्रथम की जाती है:विधायक सूर्यकांत पासवान

भगवान गणपति का शाब्दिक अर्थ गण और ईश से बना है।वे समूहों के देवता के तौर पर पूजे जाते हैं : एसडीएम

बखरी/बेगूसराय,बिहार ( जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय 01 सितंबर, 2022)। बखरी नगर परिषद के कर्पूरी चौक से स्टेशन रोड जाने वाली सड़क में गणेश मेला का उद्घाटन बुधवार को किया गया।

तीन दिवसीय मेले का उद्घाटन विधायक सूर्यकांत पासवान, एसीजेएम रवीन्द्र कुमार, मुंसिफ मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार पासवान,एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।


उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि हिंदू धर्म के प्रमुख पांच देवी देवताओं यानि सूर्य,विष्णु,शिव, शक्ति और गणपति में भगवान गणेश की पूजा सबसे प्रथम की जाती है।इन्हें भौतिक, दैहिक और आध्यात्मिक कामनाओं की सिद्धि के लिए सबसे पहले पूजा जाता है।उन्होंने कहा कि इन्हें मंगलमूर्ति भी कहा जाता है।

इनकी पूजा सच्चे मन से करने पर लोगों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है।एसीजेएम रवीन्द्र कुमार ने मेला का सारगर्भित अर्थ समझाते हुए कहा कि मेल शब्दों से ही मेला की उत्पत्ति हुई है।इसलिए हमेशा ही सभी लोग आपस में तालमेल बिठाकर मेलजोल के साथ रहें । तभी सही मायने में मेला लगाने की सार्थकता सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि भगवान गणेश समाजिक सद्भाव और सौहार्द के प्रतीक हैं।हिंदू धर्म में किसी भी मांगलिक कार्यक्रम का शुभारंभ उन्हीं की पूजा के साथ किए जाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि भगवान गणपति का शाब्दिक अर्थ गण और ईश से बना है। वे समूहों के देवता के तौर पर पूजे जाते हैं।उनकी उत्पत्ति ही लोगों के मंगलकामना के लिए हुई है।

उन्होंने मेला कमिटी के युवाओं से 27 वर्षों से चली आ रही परंपरा को जीवंत बनाए रखने की अपील की।साथ ही जिस तरह भगवान गणेश ने अपने माता पिता की परिक्रमा कर प्रसिद्धि पाई।उसी तरह माता पिता की सेवा करने की अपील युवाओं से की। मेला संयोजक सुरेंद्र केसरी के साथ मेला कमिटी के सदस्यों ने आगत अतिथि का स्वागत चादर ओढ़ाकर भगवत गीता का किताब देकर किया।

कार्यक्रम को मुंसिफ मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार पासवान, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप केशरी,पूर्व मुखिया सह अधिवक्ता मनोहर केशरी, पूर्व मुख्य पार्षद सरिता साहू, निवर्तमान पार्षद भाजपा नेता सिधेश आर्य, अधिवक्ता संघ के महासचिव राज कुमार, सचिव गौरव केशरी, प्रोफेसर सुरेश सहनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व मुखिया राजो साह, रामदयाल केशरी आदि ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रिटायर्ड दारोगा कैलाश रजक और संचालन प्रधानाध्यापक प्रेम किशन मन्नू कर रहे थे। मेले को लेकर आकर्षक पूजा पंडाल और भव्य तोरण द्वार बनाए गए।वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सिद्धिविनायक की आराधना की गई।इस दौरान ऊँ वक्रतुण्ड महाकाय सूर्य कोटि समप्रभ से पूरा इलाका गूंजायमान हो उठा।

वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्राण प्रतिष्ठा किया गया।भगवान श्री गणेश को सभी दुखों का पालनहार माना जाता है। मेला संयोजक सुरेंद्र केशरी ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं का विशेष ख्याल रखा गया है।श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय जल और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।भजन कीर्तन के साथ साथ आकर्षक झूले और मीना बाजार लगाए गए हैं।

भगवान गणेश के पूजन के दौरान शुद्ध देशी घी से बना मोदक प्रसाद का भोग लगाया गया।मौके पर उपाध्यक्ष अवधेश यादव, सचिव सज्जन तांती, सहसचिव विट्टू राय, कोषाध्यक्ष मेहूल सत्यदेव, पूर्व सचिव पंकज कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए।


जनक्रान्ति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा बखरी संवाददाता नेहा कुमारी की रिपोर्ट प्रकाशित व प्रसारित।

Comments

Popular posts from this blog

महज सोलह दिनों में छह रेल सिग्नल-कर्मचारी कार्य करते हुए हो गए रन-ओवर

पुलवामा अटैक में शहीद हुए जवानों को ब्लड फ़ोर्स टीम के सदस्यों द्वारा दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

दो दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार का आयोजन विद्या शोध संस्थान संस्कृति विभाग द्वारा किया गया आयोजित