आज से शुरू होगा फाइलेरिया उन्मूलन एमडीए अभियान
आज से शुरू होगा फाइलेरिया उन्मूलन एमडीए अभियान
जनक्रांति कार्यालय से चंद्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
बखरी/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 10 फ़रवरी, 2026)। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर आज 10 फरवरी से शुरू होने वाले मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विकास कुमार ने की। बैठक में एमडीए अभियान के उद्देश्य, दवा वितरण की प्रक्रिया, लक्षित लाभार्थियों तक दवा पहुंचाने, दवा सेवन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता और व्यापक जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ विकास कुमार ने कहा कि एमडीए अभियान के तहत आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर आइवरमेक्टिन, डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और इन्हें भोजन के बाद ही सेवन कराया जाएगा। कहा कि फाइलेरिया एक धीमी लेकिन गंभीर बीमारी है, जो शरीर को विकृत कर देती है, ऐसे में इसका उन्मूलन एमडीए अभियान से ही संभव है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नेहाल फारूक ने बताया कि गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों तथा दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यह दवा नहीं दी जाएगी। दवा सेवन के दौरान आशा कार्यकर्ता पूरी निगरानी रखेंगी, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करें तथा अफवाहों से बचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका से ही अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सकता है। बैठक में वीबीडीएस संजीव कुमार, डब्ल्यूएचओ के फील्ड मॉनिटर मृत्युंजय कुमार, विकास कुमार, पीरामल संस्था के सदस्य आदित्य आनंद सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Comments