बखरी पुलिस ने 43 बोतल विदेशी शराब के साथ दो युवकों को किया गिरफ्तार
बखरी पुलिस ने 43 बोतल विदेशी शराब के साथ दो युवकों को किया गिरफ्तार
जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
बेगूसराय, बिहार( जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन 8 जनवरी, 2026)। बेगूसराय जिलान्तर्गत बखरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की खेप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों युवक नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तुलसीपुर चौक के समीप दो युवक विदेशी शराब लेकर किसी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की, जहां से दोनों युवकों को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान वार्ड संख्या 27 निवासी स्वर्गीय जगदीश सहनी के पुत्र नीरज कुमार एवं स्वर्गीय त्रिवेणी सहनी के पुत्र जितेंद्र सहनी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उनके पास से मैजिक मोमेंट 750 एमएल की 22 बोतल, ओल्ड मोंक रम 750 एमएल की 20 बोतल तथा रॉक कोल्ड क्लासिक व्हिस्की 750 एमएल की एक बोतल बरामद की गई।
कुल 43 बोतलों में 32.250 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Comments