पटना के गर्ल्स हॉस्टल में हुई लड़की की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों से मिलने प्रशांत किशोर पहुँचे जहानाबाद
पटना के गर्ल्स हॉस्टल में हुई लड़की की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों से मिलने प्रशांत किशोर पहुँचे जहानाबाद
जनक्रांति कार्यालय से चंदकिशोर पासवान
जहानाबाद, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 16 जनवरी 2026 बिहार)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद आज परिजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे।
परिजनों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मामले में पुलिस ने जल्दबाजी दिखाई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों द्वारा बच्ची के साथ दुराचार की पुष्टि किए जाने के बाद इस पूरे प्रकरण की गंभीरता और बढ़ जाती है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान जांच अधिकारी उन पर दबाव बना रहे हैं और केस वापस लेने की बात कह रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रशासन से कोई चूक हुई है तो उसे अविलंब सुधारा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कल पीड़ित परिवार के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की जाएगी, ताकि हर हाल में बच्ची को न्याय मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि न्याय नहीं मिला तो जन सुराज संविधान के दायरे में रहकर हर आवश्यक और लोकतांत्रिक कदम उठाएगा।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना, पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी, अभिराम शर्मा, सुभाष कुमार कुशवाहा, सर्वर अली, ओबैदुर रहमान, कुमार सौरव एवं सैयद मसीहुद्दीन मौजूद रहे।

Comments