इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी बखरी ने जारी की गाइडलाइन, छात्र -छात्राओं को परीक्षा केंद्र में ससमय प्रवेश किया अनिवार्य
इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी बखरी ने जारी की गाइडलाइन, छात्र -छात्राओं को परीक्षा केंद्र में ससमय प्रवेश किया अनिवार्य
जनक्रांति कार्यालय से चंद्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश का अंतिम समय प्रथम पाली के लिए सुबह 9 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1.30 बजे निर्धारित किया गया है: अनुमंडलाधिकारी
कदाचार करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित परीक्षार्थी के विरुद्ध प्राथमिकी की जाएगी दर्ज।
बखरी,बेगूसरय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 31 जनवरी, 2026)। बखरी प्रखंड अंतर्गत चार परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से शुरू होने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से एवं द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2 बजे से शुरू होगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश का अंतिम समय प्रथम पाली के लिए सुबह 9 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1.30 बजे निर्धारित किया गया है।
निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन करने या असहयोग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर जूता-मोजा पहनकर आने पर रोक लगाई गई है। साथ ही मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
कदाचार करते हुए पकड़े जाने पर संबंधित परीक्षार्थी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर बखरी बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अनुमंडल पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस सूचना को परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों तक पहुंचाएं। उन्होंने परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर सीट ग्रहण करने का अनुरोध किया, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही से उनका कीमती एक वर्ष बर्बाद न हो।

Comments