जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा एक से आठ तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध अस्थायी रूप से लगाया गया

बेगूसराय में 10 जनवरी तक कक्षा आठ तक के स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

जनक्रांति - हिन्दी - न्यूज - बुलेटिन कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा एक से आठ तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर अस्थायी रूप से पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन न्यूज़ डेस्क 8 जनवरी, 2026)। बेगूसराय जिले में कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जिला दण्डाधिकारी श्रीकांत शास्त्री (भा.प्र.से.) ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा एक से आठ तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर अस्थायी रूप से पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।
जारी आदेश के अनुसार कक्षा एक से आठ तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां 09 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक पूरी तरह बंद रहेंगी। वहीं कक्षा नौ से बारह तक की कक्षाओं का संचालन सीमित समयावधि में किया जाएगा। इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक ही होगा, ताकि ठंड के प्रतिकूल प्रभाव से छात्रों को सुरक्षित रखा जा सके।
हालांकि, बोर्ड एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित विशेष कक्षाओं एवं परीक्षाओं को इस आदेश से मुक्त रखा गया है, जिससे परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। जिला दण्डाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों का पुनर्निर्धारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को आदेश के सख्त अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे ठंड के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। 
जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments