श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह व मंत्री संजय पासवान ने कीं बड़ी घोषणाएं
साहित्यिक संस्था श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
जनक्रांति कार्यालय से चंद्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह व मंत्री संजय पासवान ने कीं बड़ी घोषणाएं
बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क, 13 जनवरी, 2026)। बखरी क्षेत्र की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में संरक्षक समिति के संयोजक प्रो. आनंद चन्द्र झा ने नव निर्वाचित अध्यक्ष संतोष भारती गुड्डू, उपाध्यक्ष पवन कुमार सुमन, सचिव अमित पोद्दार, सह सचिव कोमल आर्य, कोषाध्यक्ष कुंदन केसरी, अंकेक्षक पंकज केसरी, प्रतिनिधि डॉ. आलोक आर्यन सहित कार्यसमिति एवं विशेष समिति के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में पुस्तकालयों की ऐतिहासिक भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत पर केवल लूटपाट ही नहीं की, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जड़ों को नष्ट करने के उद्देश्य से मंदिरों, विश्वविद्यालयों और पुस्तकालयों को भी निशाना बनाया।
उन्होंने श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय के सुचारु प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि स्थापना के सात दशक बाद भी यह संस्था जीवंत है, जो अपने आप में गर्व की बात है। केंद्रीय मंत्री ने पुस्तकालय को आधुनिक स्वरूप देने की आवश्यकता पर बल देते हुए सांसद निधि से 10 कंप्यूटर, इनवर्टर-बैटरी व अन्य उपस्कर उपलब्ध कराने तथा पूरे कार्यकाल तक मुफ्त वाई-फाई सुविधा देने की घोषणा की। इसके साथ ही पनवेल–अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सलौना स्टेशन पर ठहराव की मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन भी दिया। वहीं, समारोह को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक एवं बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा कि बखरी की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और वे जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने श्रीविश्वबंधु पुस्तकालय, व्यवहार न्यायालय एवं क्षेत्र के विद्यालयों में आरओ वाटर प्लांट लगाकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही पुस्तकालय के विकास हेतु विधायक निधि से मांग से अधिक सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सह जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष राजीव वर्मा ने पुस्तकालय को “ज्ञान का मंदिर” बताते हुए इस गौरवशाली संस्था से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सिधेश आर्य ने पुस्तकालय के लिए आधुनिक सुविधायुक्त नए भवन एवं साहित्यिक पुस्तकों की व्यवस्था की मांग रखी। वहीं सचिव अमित पोद्दार ने पुस्तकालय के भविष्य का विजन प्रस्तुत करते हुए इसे उन्नत ई-लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना साझा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. आनंद चन्द्र झा ने की, जबकि संचालन अंकेक्षक पंकज केसरी ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामबिनोद पासवान, जिला पार्षद घनश्याम राय, अमित कुमार देव, उप सभापति ज्ञानती देवी, पूर्व पार्षद नीरज नवीन, पार्षद समीर श्रवण, मुखिया योगेन्द्र राय, पूर्व मुखिया अशोक राय, नगर भाजपा अध्यक्ष कामिनी कंचन, जदयू अध्यक्ष संगीता राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments