फाइलेरिया मुक्त अभियान: प्रखंड के 61 विद्यालयों में छात्र -छात्राओं को खिलाई गई दवा

फाइलेरिया मुक्त अभियान: प्रखंड के 61 विद्यालयों में छात्र -छात्राओं को खिलाई गई दवा

जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान क़ी रिपोर्ट 
चेतना सत्र के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने बच्चों को फाइलेरिया (हाथीपांव) बीमारी के बारे में विस्तार से दी जानकारी 

गढ़पुरा/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 26 फ़रवरी, 2026)। फाइलेरिया मुक्त अभियान के तहत गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई गई। माइक्रोप्लान के अनुसार 26 फरवरी से 28 फरवरी तक चलने वाले इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 61 विद्यालयों में बूथ लगाकर बच्चों को दवा दी जा रही है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुदार एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरियारपुर में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक ने स्वयं भ्रमण कर अपने सामने सभी छात्र-छात्राओं को दवा खिलवाई। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने बूथ के माध्यम से बच्चों को दवा दी तथा सीएचओ, संबंधित विद्यालय के शिक्षक एवं दलकर्मियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नेहाल फारूक ने बताया कि निर्धारित तिथियों पर सभी स्कूलों में स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बूथ लगाया जा रहा है और बच्चों को मध्याह्न भोजन के बाद ही दवा खिलाने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही चेतना सत्र के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने बच्चों को फाइलेरिया (हाथीपांव) बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि फाइलेरिया का संक्रमण बचपन में ही हो सकता है, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले लेता है, इसलिए समय पर दवा लेना बेहद जरूरी है।
मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रफत परवीन, एएनएम लक्ष्मी कुमारी, पिरामल फाउंडेशन से आदित्य आनंद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।इस अभियान से विद्यालयों में बच्चों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और अभिभावकों को भी दवा लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments