पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का सलौना में ठहराव नहीं होना केंद्रीय मंत्री की विफलता : सलौना रेल यात्री संघर्ष समिति

पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का सलौना में ठहराव नहीं होना केंद्रीय मंत्री की विफलता : सलौना रेल यात्री संघर्ष समिति 

जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान क़ी रिपोर्ट 
बखरी-सलौना के साथ रेलवे का सौतेला व्यवहार जारी है :

बखरी/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 23 फ़रवरी, 2026)। सलौना ‌रेल यात्री संघर्ष समिति ने सलौना स्टेशन पर पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं होने पर गहरी निराशा प्रकट किया है। इस ट्रेन का संचालन सोमवार 23 फरवरी से नियमित रूप से शुरू हो गया है। सलौना ‌रेल यात्री संघर्ष समिति के विकास वर्मा ने बयान जारी कर कहा कि सलौना स्टेशन पर पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नहीं होना बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह व बखरी विधायक सह गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान की विफलता है। उन्होंने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों ने सलौना स्टेशन पर पनवेल-अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव के लिए कोई दिलचस्पी नहीं ली अन्यथा इस ट्रेन का ठहराव सलौना स्टेशन पर अवश्य होता। उन्होंने कहा कि सलौना स्टेशन से कम महत्व के स्टेशनों पर उक्त ट्रेन का स्टाॅपेज दिया गया है, लेकिन बखरी-सलौना के साथ रेलवे का सौतेला व्यवहार जारी है। विकास वर्मा ने कहा कि खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में इस ट्रेन को तीन स्टेशन पर ठहराव दिया गया। मगर बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण सलौना स्टेशन पर उक्त ट्रेन का ठहराव नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले से स्पष्ट है कि केन्द्रीय मंत्री और राज्य सरकार के मंत्रीगणों की बखरी क्षेत्र के जनता प्रति कितनी प्रतिबद्धता है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments