शिक्षा व्यवस्था पर खगड़िया डीएम की मैराथन समीक्षा बैठक

 शिक्षा व्यवस्था पर खगड़िया डीएम की मैराथन समीक्षा बैठक 

जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान क़ी रिपोर्ट 
शिक्षा जैसी मूलभूत सेवा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी:जिलाधिकारी 

खगड़िया,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 24 फ़रवरी, 2026)। जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला पदाधिकारी ने सोमवार को शिक्षा विभाग की मैराथन समीक्षा बैठक की। बैठक में ज्ञानदीप पोर्टल पर नामांकन, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों व रसोइयों की हाजिरी, वेतन-पेंशन भुगतान, टैबलेट रजिस्ट्रेशन तथा शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया। समीक्षा में सामने आया कि जिले के 1,01,047 विद्यार्थियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम है, जिसके कारण वे कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। इस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए मानसी और खगड़िया प्रखंड के कमजोर प्रदर्शन पर संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम ने सभी प्रखंडों से ऐसे 5-5 प्राथमिक, मध्य और उच्च विद्यालयों की सूची मांगी है जहां उपस्थिति सबसे कम है। साथ ही विद्यालयवार निरीक्षण रिपोर्ट आज शाम तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षा जैसी मूलभूत सेवा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तकनीकी व उच्च शिक्षा से जोड़ने की पहल डीएम ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिभ्रमण में इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों का भ्रमण अनिवार्य करने को कहा, ताकि बच्चों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़े। वहीं KGBV स्तर पर खेलकूद और कौशल आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। शिक्षकों की समस्याओं पर अलग बैठक शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षक संघ के साथ विशेष बैठक बुलाने की घोषणा की गई है। डीएम ने कहा कि शिक्षकों की वास्तविक समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष अभियान चलेगा विद्यालयों में नियमित निरीक्षण, अभिभावकों से संवाद, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि लक्ष्य जिले की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाना है, ताकि हर बच्चा योजनाओं का लाभ लेकर उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सके।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments