फाइलेरिया उन्मूलन एमडीए अभियान की गढ़पुरा में हुई शुरुआत
फाइलेरिया उन्मूलन एमडीए अभियान की गढ़पुरा में हुई शुरुआत
जनक्रांति कार्यालय से चंद्र किशोर पासवान की रिपोर्ट
गढ़पुरा/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 11 फ़रवरी, 2026)। गढ़पुरा प्रखंड में फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान की औपचारिक शुरुआत मंगलवार को की गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़पुरा में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी विकास कुमार एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निहाल फारूक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बीडीओ सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर आम लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया। बीडीओ विकास कुमार ने कहा कि यह अभियान पूरे राज्य में एक साथ चलाया जा रहा है, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रथम चरण (10 से 24 फरवरी): आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लक्षित लाभार्थियों को दवा खिलाएंगी।
द्वितीय चरण (25 से 27 फरवरी): बूथ स्तर पर कैंप मोड में दवा वितरण किया जाएगा।
प्रखंड की नौ पंचायतों में चलने वाले इस अभियान के तहत एक लाख से अधिक लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 70 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें लगभग 150 से अधिक स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निहाल फारूक ने बताया कि दवा सेवन से पूर्व भोजन करना आवश्यक है तथा दवा खाली पेट नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने आम लोगों से अभियान में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार, डब्ल्यूएचओ के फील्ड मॉनिटर मृत्युंजय कुमार, पिरामल संस्थान से आदित्य आनंद सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

Comments