नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सोनमा पूर्वी में अभिभावक - शिक्षक संगोष्ठी क़ी गई आयोजित
नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सोनमा पूर्वी में अभिभावक - शिक्षक संगोष्ठी क़ी गई आयोजित
जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान क़ी रिपोर्ट
बच्चों को समय पर एवं पूर्ण शिक्षण सामग्री के साथ नियमित रूप से विद्यालय भेजना अत्यंत आवश्यक है : प्रधानाध्यापक राजेश कुमार
परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए बच्चों का घर पर नियमित अभ्यास करना अनिवार्य है : सुशील कुमार शिक्षक
बखरी/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 28 फ़रवरी, 2026)। शिक्षा के स्तर में सुधार तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शनिवार को नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, सोनमा पूर्वी में मासिक अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
‘परीक्षा की तैयारी: हमारी साझा जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने उपस्थित अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों को समय पर एवं पूर्ण शिक्षण सामग्री के साथ नियमित रूप से विद्यालय भेजना अत्यंत आवश्यक है। शिक्षक सुशील कुमार ने कहा कि 12 मार्च से वार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए बच्चों का घर पर नियमित अभ्यास करना अनिवार्य है। वहीं, पवन कुमार ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि केवल बच्चों को स्कूल भेज देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि वे घर पर नियमित रूप से होमवर्क करें।शिक्षिका सोनी कुमारी ने समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि बच्चों को समय पर विद्यालय पहुंचना चाहिए, ताकि वे ‘चेतना सत्र’ और प्रथम घंटी से वंचित न रहें। शिक्षक मोहम्मद एजाज ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए अभिभावक बच्चों के पोषण, साफ-सफाई एवं कटे हुए नाखूनों पर विशेष ध्यान दें।
बैठक के दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और शिक्षकों को आश्वस्त किया कि परीक्षा अवधि में वे घर का वातावरण पढ़ाई के अनुकूल बनाएंगे। अंत में प्रधानाध्यापक ने सभी अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए संगोष्ठी के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Comments