विश्व कैंसर दिवस पर बड़ी पहल: हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर कुम्हारसो में चला विशेष कैंसर स्क्रीनिंग अभियान

विश्व कैंसर दिवस पर बड़ी पहल: हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर कुम्हारसो में चला विशेष कैंसर स्क्रीनिंग अभियान

जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
11 फरवरी तक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त जांच, आमजन से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार 

गढ़पुरा/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 4 फ़रवरी, 2026) | विश्व कैंसर दिवस के मौके पर बेगूसराय जिले के गढ़पुरा प्रखंड में कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के खिलाफ बड़ी स्वास्थ्य मुहिम शुरू की गई है। आम लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करने और समय रहते बीमारी की पहचान के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित प्रखंड के सभी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटरों पर विशेष कैंसर स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नेहाल फारूक ने बताया कि यह विशेष अभियान 4 फरवरी से 11 फरवरी तक संचालित किया जा रहा है।
इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की मदद से विभिन्न प्रकार के कैंसर की जांच की जा रही है, ताकि बीमारी को शुरुआती चरण में ही पकड़कर इलाज संभव हो सके। वहीं, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार ने जानकारी दी कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ-साथ सभी स्वास्थ्य संस्थानों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह की मुफ्त जांच एवं दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर कुम्हारसो में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी पूजा कुमारी एवं एएनएम मधुमाला कुमारी द्वारा 30 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों की स्क्रीनिंग कर उन्हें एनसीडी पोर्टल पर पंजीकृत किया गया।
इसके अलावा, आशा कार्यकर्ताओं के जरिए उनके पोषक क्षेत्रों में CBAC चेकलिस्ट के माध्यम से जोखिम वाले लोगों की पहचान कर उन्हें जांच के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जागरूकता, समय पर जांच और इलाज सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments