मैट्रिक परीक्षा में आशीष ने 458 अंक प्राप्त कर अपने परिवार और पूरे पंचायत का किया नाम रौशन
मैट्रिक परीक्षा में आशीष ने 458 अंक प्राप्त कर अपने परिवार और पूरे पंचायत का किया नाम रौशन
जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
आशीष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया
बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय न्यूज डेस्क, 30 मार्च, 2026)। जिले के राटन पंचायत वार्ड संख्या 2, ध्यानचक्की निवासी प्रकाश सहनी के पुत्र आशीष कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में 458 अंक प्राप्त कर अपने परिवार और पूरे पंचायत का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद आशीष ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। आशीष के माता-पिता, सरस्वती देवी और प्रकाश सहनी, आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। परिवार का गुजारा करने के लिए वे एक छोटी टोकरी में मछली बेचकर किसी तरह जीवन यापन करते हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
आशीष की इस उपलब्धि से पूरे राटन पंचायत में खुशी का माहौल है। पंचायत के उप मुखिया अजीत कुमार ने उसकी सफलता पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सुनील सहनी और रंजीत महतो समेत अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। आशीष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उसकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो विपरीत परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक सकतीं।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments