भव्य निशान यात्रा के साथ ही दो दिवसीय श्याम महोत्सव का बखरी में हुआ शुभारम्भ
भव्य निशान यात्रा के साथ ही दो दिवसीय श्याम महोत्सव का बखरी में हुआ शुभारम्भ
जनक्रांति कार्यालय से चन्द्रकिशोर पासवान की रिपोर्ट
निशान यात्रा श्री ओम श्याम हनुमान मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल हनुमान राइस मिल पहुंची
बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 29 मार्च 2026)। बेगूसराय जिलानतर्गत बखरी अनुमंडल में रविवार को दो दिवसीय श्री श्याम महोत्सव का शुभारंभ भव्य निशान यात्रा के साथ शुरू हुआ। श्री श्याम परिवार बखरी के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
निशान यात्रा श्री ओम श्याम हनुमान मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल हनुमान राइस मिल पहुंची। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु हाथों में निशान लिए शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, घोड़ों की अगुवाई और भक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे बखरी को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम स्थल हनुमान राइस मिल को विशेष रूप से सजाया गया है, जहां भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के सचिव विवेक खेतान उर्फ गुड्डू खेतान, अध्यक्ष अजय गोयंका उपाध्यक्ष राजेश टमकोरिया ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन कोलकाता से आए प्रसिद्ध भजन गायक निहाल ठकरान और श्याम मित्र मंडल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं कानपुर से आई शर्मा सिस्टर्स भी भजनों की मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।
इस निशान यात्रा में जिला परिषद सदस्य अमित देव, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रामप्रवेश महतो, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप केशरी, मुखिया योगेंद्र राय, नंदकिशोर तांती, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील राय, पूर्व मुखिया अशोक राय, आरएसएस के मनोरंजन वर्मा, गौशाला सचिव कैलाश चंद्र शर्मा, डॉ. राधेश्याम वर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष मनोज चौधरी, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील महतो, राजेश अग्रवाल, अनीता चौधरी, संध्या केशरी, सुमित राजवंश सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष पवन कुमार, एसआई लाल बिहारी यादव छोटन कुमार राम सुरेश सिंह एवं अन्य प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए।
महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments