मंडल कारा समस्तीपुर में चार कैदी अनशन पर, जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप

मंडल कारा समस्तीपुर में चार कैदी अनशन पर, जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
जेल प्रशासन और जिला प्रशासन में मच गया हड़कंप 

समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 13 अप्रैल 2026)। मंडल कारा समस्तीपुर में चार कैदियों ने जेल प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। अनशन पर बैठे कैदियों ने जेलर और जेल प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
अनशन कर रहे कैदियों का आरोप है कि जेल में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है। बंदी नम्बरदार द्वारा पैसों की मांग की जाती है और रुपये नहीं देने पर कैदियों को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता है तथा शेल में बंद कर दिया जाता है। कैदियों ने भोजन की खराब गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव और कैदियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप भी लगाए हैं।
कैदियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा।

कैदियों की प्रमुख मांगें : 

भोजन की गुणवत्ता में सुधार किया जाए
चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।
कैदियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की जांच हो।
दोषी अधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
सूत्रों के अनुसार, अनशन की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने कैदियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।
जेल प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कैदियों के आरोपों की जांच की जाएगी और स्थिति को जल्द सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, अनशन पर बैठे कैदियों के स्वास्थ्य पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद मंडल कारा समस्तीपुर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
जन-क्रांति हिंदी न्यूज़ बुलेटिन, समस्तीपुर प्रधान कार्यालय द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments