डी.बी.के.एन कालेज में पीजी कि पढ़ाई की मांग को एस. एफ. आई ने किया आमरण अनशन शुरू
डी.बी.के.एन कालेज में पीजी कि पढ़ाई की मांग को एस. एफ. आई ने किया आमरण अनशन शुरू
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
जब तक सभी विषयों में PG की पढ़ाई शुरू नहीं होगी, यह भूख हड़ताल जारी रहेगा : अनशनकारी
समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 29 मई 2026)। समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड अंतर्गत डी.बी.के.एन कॉलेज नरहन में सभी विषयों में PG की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर भारत का छात्र फेडरेशन (SFI) के बैनर तले चल रहा छात्र आंदोलन अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। लगातार चार दिनों तक अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे रहने के बावजूद जब विश्वविद्यालय प्रशासन एवं कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई प्रतिनिधिमंडल छात्रों से मिलने नहीं पहुंचा, तब आंदोलनरत छात्रों ने सर्वसम्मति से भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया।
आज भूख हड़ताल का पहला दिन है। भूख हड़ताल की शुरुआत सभी आंदोलनरत छात्रों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं उनके विचारों को याद करते हुए की। छात्रों ने “इंकलाब जिंदाबाद”, “SFI जिंदाबाद” जैसे नारों के साथ अपने आंदोलन को आगे बढ़ाया।
SFI के जिला कमिटी सदस्य केशव झा ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें अपने अधिकारों, शिक्षा और सम्मान के लिए संघर्ष करना सिखाया है। उन्हीं के विचारों पर चलते हुए आज DBKN कॉलेज नरहन के छात्र अपने भविष्य और शिक्षा के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी विषयों में PG की पढ़ाई शुरू नहीं होगी, यह भूख हड़ताल जारी रहेगा।
भूख हड़ताल पर बैठने वाले साथियों में कॉलेज इकाई सचिव राहुल कुशवाहा, कॉलेज इकाई अध्यक्ष दीपांशु कुमार, प्रिंस कुमार, प्रिंस कश्यप, आलोक कुमार एवं केशव झा शामिल हैं।
आपको बता दें कि छात्र पिछले चार दिनों से लगातार अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हुए थे। भीषण गर्मी, लगातार संघर्ष एवं शारीरिक कमजोरी के कारण कई छात्रों की तबीयत खराब हो चुकी है। धरना स्थल पर पहुंची डॉक्टरों की टीम ने भी यह पुष्टि की कि कई छात्र डिहाइड्रेशन, कमजोरी एवं थकान जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद छात्रों का हौसला और संघर्ष कमजोर नहीं पड़ा।
छात्रों का कहना है कि जब पिछले वर्ष PG की पढ़ाई को लेकर भूख हड़ताल किया गया था, तब छात्र नेता केशव झा समेत कई छात्रों की तबीयत अत्यंत खराब हो गई थी। कई छात्रों को BP की समस्या हो गई थी, जिसका प्रभाव आज भी महसूस किया जाता है। उस संघर्ष की याद आज भी आंदोलनरत छात्रों को भावुक कर देती है। इसके बावजूद छात्र अपने भविष्य एवं शिक्षा के अधिकार के लिए एक बार फिर संघर्ष करने को मजबूर हैं।
आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि पिछले वर्ष छात्रों के संघर्ष एवं भूख हड़ताल के बाद हिंदी विषय में PG की पढ़ाई शुरू हुई थी, लेकिन आज भी अन्य विषयों के छात्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। लगातार मांग करने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन एवं कॉलेज प्रशासन छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
धरना स्थल पर मौजूद छात्र-छात्राएं जनवादी गीत, डफली, ताली और नारों के माध्यम से अपने भीतर के दर्द, संघर्ष और नाराजगी को आवाज दे रहे हैं। आंदोलन का माहौल पूरी तरह संघर्षपूर्ण, भावनात्मक एवं छात्र एकता से भरा हुआ दिखाई दिया।
मौके पर SFI के पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश कुमार, DYFI आंचल अध्यक्ष बबलू कुमार एवं समाजसेवी अमरेश कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए उनके स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की तथा छात्रों के संघर्ष को न्यायपूर्ण बताया।
छात्र नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई केवल कुछ छात्रों की नहीं बल्कि ग्रामीण एवं गरीब छात्रों के शिक्षा के अधिकार की लड़ाई है। जब तक DBKN कॉलेज नरहन में सभी विषयों में PG की पढ़ाई शुरू नहीं होती, आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments