निर्माणाधीन भोला टाकीज ओवरब्रिज का रेल विकास एवं विस्तार मंच ने किया निरीक्षण
निर्माणाधीन भोला टाकीज ओवरब्रिज का रेल विकास एवं विस्तार मंच ने किया निरीक्षण
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
डीआरएम के समक्ष 29 मई को होगा एक दिवसीय उपवास आंदोलन- मंच
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 11 मई 2026)। रेल विकास एवं विस्तार मंच के सदस्यों ने सोमवार को शहर के निर्माणाधीन भोला टाकीज ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच के सदस्यों ने निर्माण कार्य की निष्पक्षता, प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि भोला टाकीज ओवरब्रिज लंबे समय से रेल विकास एवं विस्तार मंच समेत शहरवासियों की महत्वपूर्ण मांग रही है। इसके निर्माण से लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में पक्षपातपूर्ण रवैया एवं किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य तय समय सीमा के अंदर पूरा होना चाहिए।
मंच के सदस्यों ने निर्माण एजेंसी से गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कार्य कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि निर्माण में अनियमितता या देरी हुई तो इसके खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।
मंच ने घोषणा की कि निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग आगामी 29 मई को डीआरएम कार्यालय के समक्ष आयोजित उपवास आंदोलन में प्रमुखता से उठाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंच के संयोजक शत्रुघ्न पंजी, मंच के सदस्य सह पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राजकुमार चौधरी, राजद के राकेश ठाकुर, मनोज राय, राम विनोद पासवान, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, सेवानिवृत्त शिक्षक शंकर प्रसाद साह, भाकपा के पिंटू पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक राय समेत कई अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।
Comments