चिंगड़ी सिमराहा पंचायत की बदहाली पर उठे सवाल, पंचायती राज मंत्री तक पहुंची ग्रामीणों की आवाज

चिंगड़ी सिमराहा पंचायत की बदहाली पर उठे सवाल, पंचायती राज मंत्री तक पहुंची ग्रामीणों की आवाज

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास मॉडल का लाभ आज तक चिंगड़ी सिमराहा पंचायत को नहीं मिल सका है: त्रिभुवन कुमार 

दरभंगा/कुशेश्वरस्थान, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 21 मई 2026)। दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज चिंगड़ी सिमराहा की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पंचायत की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पंचायत में विकास कार्यों की धीमी गति और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर सरकार एवं पंचायत प्रतिनिधियों पर निशाना साधा है।
समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास मॉडल का लाभ आज तक चिंगड़ी सिमराहा पंचायत को नहीं मिल सका है। पंचायत में आठ पोखर होने के बावजूद किसी भी पोखर का समुचित सौंदर्यीकरण नहीं कराया गया। न तो सीढ़ी निर्माण हुआ और न ही अमृत सरोवर योजना के तहत पंचायत को कोई विशेष लाभ मिला। साथ ही वॉकिंग ट्रैक, पार्क एवं बाग-बगीचे जैसी सुविधाओं का भी अभाव है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत में अब तक शवदाह गृह, खेल मैदान, सार्वजनिक पुस्तकालय तथा महिलाओं के लिए सिलाई-कटाई एवं बुनाई प्रशिक्षण केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं का निर्माण नहीं कराया गया है। वहीं छात्र-छात्राओं के तकनीकी विकास के लिए कंप्यूटर सेंटर की व्यवस्था भी नहीं की गई है।
त्रिभुवन कुमार ने पंचायत की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। इसके अलावा सड़क किनारे वृक्षारोपण एवं गांवों को जोड़ने वाली छोटी सड़कों के निर्माण कार्यों की भी अनदेखी की गई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पंचायत में लगाए गए लगभग 90 प्रतिशत स्ट्रीट लाइट खराब होकर बंद पड़े हैं, जिससे शाम होते ही अधिकांश गांव अंधकार में डूब जाते हैं और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
समाजसेवी ने पंचायत प्रतिनिधियों पर विकास कार्यों के नाम पर अनियमितता, लूट-खसोट एवं मोटी रकम उगाही करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जल्द ही निगरानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर पंचायत की वास्तविक स्थिति से अवगत कराएंगे।
अंत में उन्होंने सरकार एवं संबंधित विभाग से चिंगड़ी सिमराहा पंचायत की जन समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर विकास कार्य शुरू कराने की मांग की है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा कार्यालय रिपोर्ट प्रकाशित व प्रसारित।

Comments