हल्की बारिश में समस्तीपुर शहर हुआ जलमग्न, नगर निगम की तैयारियों पर उठे सवाल

हल्की बारिश में समस्तीपुर शहर हुआ जलमग्न, नगर निगम की तैयारियों पर उठे सवाल

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
कई सड़कें व मुहल्ले जलमग्न, नगर निगम की सड़क-नाला निर्माण योजना की खुली पोल- सुरेंद्र

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय डेस्क 13 मई 2026)। समस्तीपुर शहर में बुधवार को हुई हल्की वर्षा ने नगर निगम की तैयारियों और सड़क - नाला निर्माण कार्यों की पोल खोल कर रख दी। थोड़ी देर की बारिश के बाद ही शहर की कई प्रमुख सड़कें, चौक-चौराहे और मोहल्ले जलमग्न हो गए, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
क्रांति होटल के समीप मुख्य सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन गई। वहीं विवेक विहार, सरोजनी गली, बारह पत्थर, काशीपुर, आजाद नगर और आदर्श नगर सहित कई मोहल्लों की सड़कें पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घंटों सड़कों पर जमा रहा। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हुई। कई जगहों पर बाइक और अन्य वाहन पानी में बंद हो गए, जिससे लोगों को धक्का लगाकर वाहन निकालने पड़े।
भाकपा-माले के जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क और नाला निर्माण कराया गया, लेकिन पहली ही बारिश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की सच्चाई सामने आ गई। 
उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और निर्माण कार्यों में अनियमितता के कारण शहर में हर वर्ष जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अविलंब स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालों की नियमित सफाई कराने तथा सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
बारिश के बाद शहर की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में नगर निगम के प्रति आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष जलजमाव की समस्या से शहरवासी परेशान रहते हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर इसका स्थायी समाधान अब तक नहीं किया जा सका।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments