परीक्षा लीक से युद्ध संकट तक: व्यवस्था, जवाबदेही और वैश्विक तनाव पर बड़े सवाल
परीक्षा लीक से युद्ध संकट तक: व्यवस्था, जवाबदेही और वैश्विक तनाव पर बड़े सवाल
जनक्रांति कार्यालय से केंद्रीय ब्यूरो चीफ प्रमोद कुमार सिन्हा की विशेष रिपोर्ट
वैश्विक स्तर पर ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मूज जलडमरूमध्य को लेकर जारी संकट का असर भी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर दिखाई देने लगा है।
समस्तीपुर/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय न्यूज डेस्क 13 मई 2026)। भारत में लगातार हो रहे परीक्षा पेपर लीक मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। कभी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट, तो कभी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएँ सामने आती रहती हैं। हाल ही में ब्लॉक असिस्टेंट विकास शिक्षा पदाधिकारी परीक्षा के कथित लीक होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई, जिससे लाखों परीक्षार्थियों में भारी निराशा और आक्रोश देखा गया।
विशेषज्ञों और अभ्यर्थियों का मानना है कि हर बार छोटे स्तर के सॉल्वर गैंग या दलाल तो पकड़े जाते हैं, लेकिन परीक्षा लीक के असली सूत्रधार तक एजेंसियाँ नहीं पहुँच पातीं। सवाल उठता है कि आखिर इतनी संवेदनशील परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार लीक कैसे हो जाते हैं? क्या बिना किसी बड़े संरक्षण या सिस्टम की लापरवाही के यह संभव है?
लगातार हो रही इन घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद जब परीक्षा रद्द होती है, तो इसका सीधा असर युवाओं के मनोबल और विश्वास पर पड़ता है। यह केवल परीक्षा लीक का मामला नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के भविष्य और व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है।
इधर वैश्विक स्तर पर ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मूज जलडमरूमध्य को लेकर जारी संकट का असर भी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। तेल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अस्थिरता की आशंका जताई जा रही है। सरकार की ओर से आम लोगों को पेट्रोल-डीजल की बचत करने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग तथा संसाधनों के संरक्षण की अपील की जा रही है।
हालाँकि आम जनता के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जब आम लोगों से ईंधन बचाने की अपील की जाती है, तब राजनीतिक आयोजनों, बड़े सरकारी कार्यक्रमों और बार-बार होने वाले शपथ ग्रहण समारोहों में भारी तामझाम, वाहनों के काफिले और हवाई यात्राओं पर नियंत्रण क्यों नहीं दिखता? लोगों का मानना है कि यदि बचत और सादगी का संदेश देना है तो इसकी शुरुआत शीर्ष स्तर से होनी चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इज़राइल द्वारा ईरान समर्थित ठिकानों पर हमलों और अमेरिका की रणनीतिक गतिविधियों ने मध्य-पूर्व को फिर से युद्ध के मुहाने पर ला खड़ा किया है। होर्मूज जलडमरूमध्य को लेकर जारी विवाद के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह संघर्ष लंबा खिंचता है तो इसका असर भारत सहित पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। महंगाई, ईंधन संकट और व्यापारिक अस्थिरता जैसी चुनौतियाँ और बढ़ सकती हैं। ऐसे समय में वैश्विक शांति, संतुलित कूटनीति और संवाद की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रमोद कुमार सिन्हा
केंद्रीय ब्यूरो चीफ द्वारा संप्रेषित व प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।
Comments