समस्तीपुर जिला मुख्यालय में दिनदहाड़े जलता रहा हाईमास्ट लाइट, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
समस्तीपुर जिला मुख्यालय में दिनदहाड़े जलता रहा हाईमास्ट लाइट, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
जब जिला मुख्यालय जैसी महत्वपूर्ण जगह पर बिजली की इस तरह खुलेआम बर्बादी हो रही है, तो जिले के अन्य क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है:सुरेंद्र प्रसाद सिंह
समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय 10 मई 2026)।समस्तीपुर जिला मुख्यालय परिसर में दिन के समय हाईमास्ट लाइट जलते रहने का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय की बताई जा रही है जब सुबह करीब 8:15 बजे तेज धूप के बावजूद हाईमास्ट लाइट लगातार रोशनी बिखेरता रहा। खास बात यह है कि यह स्थान जिला प्रशासन के सबसे महत्वपूर्ण कार्यालयों और अधिकारियों के आवासीय क्षेत्र के पास स्थित है, जहां डीएम, एसपी, डीजे समेत अन्य वरीय अधिकारियों का आवास एवं कार्यालय मौजूद है।
इस मुद्दे को लेकर माले के जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब जिला मुख्यालय जैसी महत्वपूर्ण जगह पर बिजली की इस तरह खुलेआम बर्बादी हो रही है, तो जिले के अन्य क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बिजली बचत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी तंत्र की लापरवाही से दिन में ही हाईमास्ट लाइट जलता रहना गंभीर चिंता का विषय है। इससे न केवल सरकारी संसाधनों की बर्बादी हो रही है, बल्कि आम जनता के बीच गलत संदेश भी जा रहा है।
सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है और क्या संबंधित कर्मियों या अधिकारियों पर कोई कार्रवाई की जाएगी? उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अक्सर दिन में भी स्ट्रीट लाइट या हाईमास्ट लाइट जलते देखे जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखाता। लोगों ने प्रशासन से बिजली बचत को लेकर सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
Comments