TRE-4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध मार्च निकालकर मुख्यमंत्री का फूंका पुतला

TRE-4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध मार्च निकालकर मुख्यमंत्री का फूंका पुतला 

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अभ्यर्थियों पर की गई कार्रवाई की निंदा की

ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 10 मई 2026)। TRE-4 अभ्यर्थियों पर पटना में हुए लाठीचार्ज, महिला अभ्यर्थियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले के विरोध में रविवार को भाकपा माले, आइसा एवं आरवाईए के संयुक्त तत्वावधान में ताजपुर गांधी चौक से विरोध मार्च निकालकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पूतला फूंका।
     कार्यक्रम के दौरान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अभ्यर्थियों पर की गई कार्रवाई की निंदा की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर बल प्रयोग करना लोकतंत्र के खिलाफ है। महिला अभ्यर्थियों के साथ दुर्व्यवहार बेहद शर्मनाक एवं निंदनीय है।
नेताओं ने सरकार से दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने, अभ्यर्थियों की मांगों को अविलंब पूरा करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-युवा एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व आरवाईए के जिला अध्यक्ष आसिफ होदा ने किया। मौके पर मो० एजाज, ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, संजीव राय, शंकर महतो, मो० रहमान, मोतीलाल सिंह, उपेंद्र शर्मा, चांद बाबू, मो० शाद, सरवर वसीम, बस्साम तौहीदी, राजद के दीपक लाल निरहुआ आदि उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments