मुख्यमंत्री के खानपुर आगमन पर भाकपा माले ने उठाए 11 जनसरोकारों से जुड़े सवाल, सौंपा मांग-पत्र
मुख्यमंत्री के खानपुर आगमन पर भाकपा माले ने उठाए 11 जनसरोकारों से जुड़े सवाल, सौंपा मांग-पत्र
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
"मुख्यमंत्री के खानपुर दौरे पर भाकपा माले का सवाल— अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बंद उद्योगों पर सरकार कब देगी जवाब?":सुरेंद्र प्रसाद सिंह
खानपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 23 जून, 2026)। मुख्यमंत्री के समस्तीपुर जिले के खानपुर आगमन के अवसर पर भाकपा माले की जिला कमिटी ने मीडिया के माध्यम से 11 महत्वपूर्ण जनसरोकारों से जुड़े सवाल उठाते हुए एक मांग-पत्र जारी किया। पार्टी की ओर से जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री से जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, रोजगार, किसानों एवं गरीबों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
भाकपा माले ने कहा कि समस्तीपुर सहित पूरे बिहार में हत्या, लूट, डकैती, छिनतई, बलात्कार एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। पार्टी ने ताजपुर थाना कांड संख्या 98/26 के संजीव सहनी हत्याकांड तथा महिला थाना फतेहपुर कांड संख्या 61/26 के नाबालिग दुष्कर्म मामले सहित सभी संगीन अपराधों के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
माले नेताओं ने आवास योजना, मनरेगा, पंचायत एवं प्रखंड स्तर की विकास योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अफसरशाही पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही समस्तीपुर जिले में लगभग 60 हजार रद्द राशन कार्डों को पुनर्बहाल कर पात्र गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
मांग-पत्र में मनरेगा योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार की जांच, वर्ष में 200 दिनों के रोजगार की गारंटी तथा मजदूरी के समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़े दूधपुरा हवाई अड्डा को चालू करने, समस्तीपुर चीनी मिल, ठाकुर पेपर मिल समेत जिले के अन्य बंद उद्योगों को पुनः शुरू कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की मांग की गई।
भाकपा माले ने मुक्तापुर स्थित रामेश्वर जूट मिल के विकास, विस्तार एवं निरंतर संचालन की सरकारी गारंटी देने की भी मांग की। किसानों को मुफ्त अथवा रियायती दर पर खाद, बीज, सिंचाई, बिजली और कृषि यंत्र उपलब्ध कराने तथा फसलों के लिए लाभकारी समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनवितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने और आवश्यक कर्मियों की नियुक्ति करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही जननायक कर्पूरी ठाकुर की कर्मभूमि ताजपुर को पुनः विधानसभा एवं अनुमंडल का दर्जा देने की मांग दोहराई गई।
मांग-पत्र में कर्पूरी ग्राम–ताजपुर–पातेपुर–महुआ–भगवानपुर तथा केबल स्थान–कर्पूरीग्राम–मुक्तापुर–कुशेश्वरस्थान नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई। साथ ही मुक्तापुर रेल गुमटी एवं अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए पहल करने का आग्रह किया गया।
भाकपा माले ने मुख्यमंत्री से उपर्युक्त सभी मांगों पर अविलंब कार्रवाई कर समस्तीपुर जिले की जनता को राहत प्रदान करने की मांग की है।
मांग-पत्र जारीकर्ता:
सुरेंद्र प्रसाद सिंह
जिला स्थायी समिति सदस्य, भाकपा माले, समस्तीपुर
मोबाइल : 9430953213
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments