1.20 लाख रुपये वार्षिक आय वाला मजदूर अमीर कैसे? ताजपुर में 3,867 राशन कार्ड रद्द होने से गरीबों में हाहाकार
1.20 लाख रुपये वार्षिक आय वाला मजदूर अमीर कैसे? ताजपुर में 3,867 राशन कार्ड रद्द होने से गरीबों में हाहाकार
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
वार्ड 26-27 में भाकपा माले का जनसंपर्क अभियान, पीड़ित परिवारों के समर्थन में आंदोलन की चेतावनी
ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 8 जून 2026)। ताजपुर प्रखंड में बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द किए जाने से गरीब एवं मजदूर परिवारों में भारी चिंता, आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। राशन कार्ड रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लाभ से वंचित हुए लोगों के बीच भाकपा माले ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 एवं 27 स्थित मोतीपुर की ततमा-सहनी बस्ती में जनसंपर्क अभियान चलाया।
अभियान के दौरान भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सरकार वार्षिक आय 1 लाख 20 हजार रुपये से अधिक होने, चार पहिया वाहन रखने, पेंशन प्राप्त करने, सरकारी नौकरी में होने अथवा किसान समृद्धि योजना का लाभुक होने जैसे आधारों पर राशन कार्ड रद्द कर रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान महंगाई के दौर में 1 लाख 20 हजार रुपये वार्षिक आय प्राप्त करने वाला मजदूर या गरीब परिवार किस आधार पर अमीर माना जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई वास्तविक जरूरतमंद परिवारों के राशन कार्ड भी बिना उचित जांच के रद्द कर दिए गए हैं। उदाहरण स्वरूप जोखन दास की बेसहारा विधवा मंजू देवी तथा मुनेश्वर दास की विधवा कौशल्या देवी समेत अनेक गरीब परिवारों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।
सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि ताजपुर प्रखंड में प्रथम चरण में कुल 3,867 राशन कार्ड रद्द किए गए हैं। इससे हजारों परिवार सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित हो गए हैं और उनके समक्ष खाद्य सुरक्षा का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों की वास्तविक आर्थिक स्थिति को समझने के बजाय केवल कागजी मानकों के आधार पर फैसले ले रही है। मजदूर, खेतिहर श्रमिक, रिक्शा चालक, छोटे दुकानदार तथा असंगठित क्षेत्र के कामगार पहले से ही बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे में राशन कार्ड रद्द किया जाना उनके लिए दोहरी मार साबित हो रहा है।
भाकपा माले नेता ने मांग की कि सभी रद्द राशन कार्डों की पुनः समीक्षा कर पात्र लाभुकों का कार्ड तत्काल बहाल किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गरीब परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भाकपा माले व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राशन से वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के वोट से सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार अब “गरीब हटाओ” की नीति पर काम कर रही है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों में भारी असंतोष है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments