25 दिन बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं, 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव करेगा भाकपा माले

25 दिन बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं, 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव करेगा भाकपा माले

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
मृतक संजीव सहनी के घर पर ग्रामीणों की बैठक कर हुआ थाना घेराव का निर्णय

थानाध्यक्ष, पुलिस उपाधीक्षक का 4 दिनों के अंदर हत्यारे की गिरफ्तारी का आश्वासन पूरा क्यों नहीं- सुरेंद्र प्रसाद सिंह

ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 10 जून, 2026)। मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव कुमार सहनी हत्याकांड में घटना के 25 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-27 स्थित मोतीपुर में बुधवार को मृतक के आवास पर ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए 22 जून को ताजपुर थाना के घेराव का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अब तक हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। थाना क्षेत्र में हत्या-अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। चाहे सोना चोरी कांड हो या फिर कई हत्या-अपराध हो, किसी भी घटना का उद्भेदन करने में पुलिस नाकाम रही है और इसका फायदा हत्यारे-अपराधी उठा रहे हैं और आमजन में चिंता व्याप्त है। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस जानबूझकर संजीव कुमार सहनी हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिससे मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि 15 मई को ताजपुर के गांधी चौक के पास रमजान अली स्कूल के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव कुमार सहनी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनके गैरेज पर ही उनकी हत्या कर दी थी। 
इसे लेकर मृतक के पिता देवकी सहनी ने ताजपुर थाना में कांड संख्या 98/26 दर्ज कराया था। घटना के बाद थानाध्यक्ष से लेकर पुलिस उपाधीक्षक तक ने चार दिनों के अंदर हत्यारे को गिरफ्तार करने का आश्वासन आंदोलन पर उतारू सैकड़ों जनता को दिया था लेकिन करीब महीना बीतने को है, मृतक का मोबाइल से लेकर कई तथ्य पुलिस के पास है फिर भी पुलिस घटना का उद्भेदन नहीं कर सकी है और न ही अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाकपा माले के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महागठबंधन से जुड़े दलों के कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों ताजपुर थाना का घेराव कर जोरदार आंदोलन करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन से हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी, मृतक परिवार को उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की। बैठक में भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य ललन दास, जीतेंद्र कुमार सहनी, मृतक के पिता देबकी सहनी, मृतक की पत्नी रवीना देवी, मृतक का भाई सुशील सहनी, कुशी सहनी, सोनिया देवी, बबिता देवी, सुदामा देवी, राजकुमारी देवी, सरयुग कुमार, सींटू कुमार, रघुनाथ सहनी चंदन सहनी आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाकपा माले के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments