चौथम अंचल परिषद की बैठक सम्पन्न, 6 से 15 अगस्त तक पदयात्रा अभियान चलाने का निर्णय

चौथम अंचल परिषद की बैठक सम्पन्न, 6 से 15 अगस्त तक पदयात्रा अभियान चलाने का निर्णय

जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट
 केंद्र की मोदी सरकार की विदेश नीति के कारण देश में डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है: कॉमरेड प्रभाकर प्रसाद सिंह 

खगड़िया, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 19 जून 2026)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) चौथम अंचल परिषद की बैठक मालपा में कामरेड जगबली चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी बिहार राज्य कार्यकारिणी सदस्य कामरेड प्रभाकर प्रसाद सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की विदेश नीति के कारण देश में डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की व्यापारिक नीतियों का प्रतिकूल प्रभाव किसानों पर पड़ रहा है तथा किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छात्रों और अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में छात्र आंदोलन हो रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की जा रही है।
कामरेड सिंह ने कहा कि बिहार में शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को भी गंभीर समस्या बताया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 6 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे देश में पदयात्रा अभियान चलाकर केंद्र एवं बिहार सरकार की नीतियों के विरुद्ध जनजागरण करेगी। साथ ही 1 सितंबर को दिल्ली में आयोजित विशाल रैली में चौथम अंचल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व बिहार राज्य सचिव एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय कामरेड सत्यनारायण सिंह की धर्मपत्नी, पूर्व मुखिया तथा बिहार महिला समाज की पूर्व जिला अध्यक्ष स्वर्गीय कामरेड सुशीला देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उनके अंतिम श्राद्धकर्म के अवसर पर 22 जून को देवका कैथी स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
श्रद्धांजलि सभा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बिहार राज्य सचिव एवं पूर्व विधायक कामरेड रामनरेश पांडे, पूर्व सांसद कामरेड शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधान पार्षद कामरेड संजय कुमार, राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व विधान पार्षद कामरेड उषा सहनी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य कामरेड प्रमोद प्रभाकर, कामरेड ओमप्रकाश नारायण सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की सूचना दी गई।
बैठक में 2 से 4 अगस्त तक खगड़िया में आयोजित होने वाले एटक (AITUC) बिहार राज्य सम्मेलन की तैयारी एवं कोष संग्रह पर भी चर्चा की गई। आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए जुलाई माह में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने तथा प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 युवाओं को पार्टी का सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया।
पिछले कार्यों का प्रतिवेदन अंचल मंत्री कामरेड अनिल कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया।
बैठक में सीपीआई जिला परिषद सदस्य कामरेड चंद्रदेव ताती, कामरेड सतनारायण सिंह, कामरेड जोगिंदर शर्मा, कामरेड जोगिंदर सिंह, कामरेड फुलेश्वर पटेल, कामरेड चंद्रभूषण सिंह, कामरेड सिकंदर मालाकार, पूर्व प्रमुख कामरेड महेंद्र महीप, कामरेड अनिल प्रसाद, कामरेड मनीकांत पंडित, कामरेड नीलू कुमारी, कामरेड मीना देवी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments