जर्जर योगियामठ रोड एवं नाला निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर किया धरना-प्रदर्शन

जर्जर योगियामठ रोड एवं नाला निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर किया धरना-प्रदर्शन

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 

माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में माले कार्यकर्ताओं ने लिया धरना-प्रदर्शन में भाग
 सड़क एवं नाला का निर्माण जल्द शुरू नहीं तो आंदोलन होगा तेज- सुरेंद्र

ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 1 जून 2026)। ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत योगियामठ सड़क की जर्जर स्थिति एवं नाला निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया। धरना- प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।

 प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों से सड़क बदहाल है और हल्की बारिश में भी सड़क पर घूठनेभर जलजमाव हो जाता है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
    ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा नाला नहीं रहने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं दोपहिया वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रखंड एवं नगर परिषद प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब योगियामठ सड़क का पुनर्निर्माण कराने तथा समुचित जल निकासी के लिए नाला निर्माण कराने की मांग की। आंदोलन का नेतृत्वकर्ता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को विवश है और प्रशासन को जनहित में तत्काल पहल करनी चाहिए। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा भेजे गये बतौर मजिस्ट्रेट प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जर्जर सड़क भ्रमण कराने के बाद स्मार पत्र सौंपकर जल्द आरसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कराने अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी के साथ धरना-प्रदर्शन की शांतिपूर्ण ढंग से समाप्ति की घोषणा की गई। मौके पर विष्णुदेव राय, विक्रम कुमार, शंकर महतो, राजदेव प्रसाद सिंह, विजय साह, जयप्रकाश कुमार, नगर पार्षद मुकेश मेहता, पार्षद दुर्गा प्रसाद साह, मोहन कुमार, अमरजीत कुमार, गौतम कुमार, जगदेव कुमार, शुभम कुमार, प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments