मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या पर ऐपवा का आक्रोश, दोषियों की गिरफ्तारी व स्पीडी ट्रायल की मांग

मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या पर ऐपवा का आक्रोश, दोषियों की गिरफ्तारी व स्पीडी ट्रायल की मांग

जनक्रांति ब्यूरो रिपोर्ट 
जिले और राज्य में लगातार बढ़ रही महिलाओं एवं बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही हैं : वंदना सिंह 

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 2 जून 2026)। समस्तीपुर जिला अंतर्गत कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भागीरथपुर जूट मिल के समीप तीसरी कक्षा की एक मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने की घटना पर भाकपा (माले) बिहार राज्य कमिटी सदस्य एवं अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की समस्तीपुर जिला अध्यक्ष बंदना सिंह ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की है।
जारी बयान में बंदना सिंह ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई यह जघन्य घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध अविलंब कानूनी कार्रवाई करने, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जिले और राज्य में लगातार बढ़ रही महिलाओं एवं बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही हैं। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार एवं प्रशासन को प्रभावी और ठोस कदम उठाने होंगे।
ऐपवा ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments