मेधावी छात्रा शोभा कुमारी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित

मेधावी छात्रा शोभा कुमारी की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित

जनक्रांति कार्यालय से राम कुमार महतो की रिपोर्ट 
कार्यक्रम की शुरुआत दीप एवं मोमबत्ती प्रज्वलित कर की गई। इसके उपरांत विश्वगुरु भगवान गौतम बुद्ध एवं महान सम्राट अशोक के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। 

विभूतिपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 15 जून 2026)। विभूतिपुर प्रखंड के आलमपुर कोदरिया वार्ड संख्या-13 निवासी एवं राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राम कुमार महतो के आवासीय परिसर में सोमवार को उनकी सुपुत्री स्वर्गीय शोभा कुमारी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शोक एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप एवं मोमबत्ती प्रज्वलित कर की गई। इसके उपरांत विश्वगुरु भगवान गौतम बुद्ध एवं महान सम्राट अशोक के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। तत्पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय शोभा कुमारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में दिवंगत शोभा की दादी मानकी देवी, माता अनीता देवी, भाभी कुमारी बबली, भाई रौशन कुमार एवं दीपक कुमार, फुआ नीलम देवी के अलावा दिनेश महतो, ब्रह्मदेव महतो, विष्णुदेव महतो, मनोज महतो, कविता देवी, नीतू कुमारी सहित दर्जनों ग्रामीण एवं परिजन शामिल रहे। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वातावरण अत्यंत भावुक हो गया और परिजनों की आंखें नम हो उठीं।
परिजनों एवं उपस्थित लोगों ने शोभा कुमारी को स्मरण करते हुए कहा कि वह अत्यंत हंसमुख, मिलनसार, संस्कारी और प्रतिभाशाली छात्रा थीं। घर आने वाले प्रत्येक अतिथि का मुस्कुराकर स्वागत करना तथा सभी का सम्मान करना उनके स्वभाव की विशेष पहचान थी। शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी मेधा का परिचय देते हुए मैट्रिक से लेकर इंटरमीडिएट तक की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। वह स्नातक की पढ़ाई कर अपने उज्ज्वल भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में अग्रसर थीं।
लेकिन 15 जून 2025 का वह दुखद दिन परिवार और समाज के लिए कभी न भूलने वाला बन गया, जब उनका असामयिक निधन हो गया। उनके महापरिनिर्वाण से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। आज भी उनके अभाव को परिजन और शुभचिंतक गहराई से महसूस करते हैं।
सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि शोभा कुमारी भले ही आज हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी मेधा, सादगी, संस्कार और नेक कार्यों की स्मृतियां सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहेंगी। उपस्थित सभी लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments