समय पर ऋण चुकाने से बनता है बेहतर क्रेडिट रिकॉर्ड : एलडीएम प्रसिद्ध झा

समय पर ऋण चुकाने से बनता है बेहतर क्रेडिट रिकॉर्ड : एलडीएम प्रसिद्ध झा

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
माइक्रोफाइनेंस जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को मिली वित्तीय साक्षरता की जानकारी

महिलाओं को वित्तीय सशक्तिकरण का मिला संदेश, समय पर ऋण भुगतान पर जोर

समस्तीपुर,बिहार( जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 16 जून 2026)।माइक्रोफाइनेंस इंडस्ट्री नेटवर्क (एमएफआईएन), जो भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा मान्यता प्राप्त एनबीएफसी - एमएफआई का राष्ट्रीय स्व-नियामक संगठन है, ने एलएंडटी फाइनेंस लिमिटेड के सहयोग से जिले के माँ जगदम्बा पैलेस में माइक्रोफाइनेंस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर महिलाओं को वित्तीय साक्षरता प्रदान करना, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा जिम्मेदार ऋण व्यवहार को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से 205 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डीडीएम नाबार्ड अभिनव कृष्ण ने बैंकों एवं नाबार्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि एलडीएम प्रसिद्ध झा ने महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने माइक्रोफाइनेंस इंडस्ट्री नेटवर्क तथा माइक्रोफाइनेंस संस्थानों द्वारा वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
श्री झा ने महिलाओं से अपनी आवश्यकता एवं भुगतान क्षमता के अनुरूप ही ऋण लेने तथा उसे समय पर चुकाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण चुकाने से बेहतर क्रेडिट रिकॉर्ड बनता है, जिससे भविष्य में वित्तीय सेवाओं एवं ऋण सुविधाओं तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित होती है।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक कृष्णा कुमार दीवाकर ने डिजिटल एवं अन्य प्रकार की धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताते हुए लोगों को सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया।
माइक्रोफाइनेंस इंडस्ट्री नेटवर्क के रीजनल हेड संजय कुमार ने बताया कि जिले में वर्तमान में 35 माइक्रोफाइनेंस संस्थान कार्यरत हैं, जो सभी भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा विनियमित हैं। उन्होंने ग्राहकों को सलाह दी कि ऋण संबंधी किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में वे अपने लोन कार्ड पर अंकित ग्राहक शिकायत निवारण नंबर अथवा माइक्रोफाइनेंस इंडस्ट्री नेटवर्क के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments