बांका में दबंगई की हद: पीड़ित परिवार को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
बांका में दबंगई की हद: पीड़ित परिवार को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा ब्यूरो की रिपोर्ट
पूर्व में दर्ज मामले पर कार्रवाई में हुई देरी के कारण ही आरोपी का मनोबल बढ़ा है। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
बांका,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 21 जून, 2026)। जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत कैतपुरा गांव में एक बार फिर दबंगई का मामला सामने आया है। पीड़ित दीनानाथ यादव और उनके परिवार का आरोप है कि गांव के एक दबंग व्यक्ति ने मामूली विवाद को लेकर उनके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी और भय का माहौल पैदा किया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इससे पहले भी उक्त व्यक्ति द्वारा उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया जा चुका है, जिसकी शिकायत बाराहाट थाना में दर्ज कराई गई थी। परिवार का आरोप है कि यदि पूर्व मामले में समय पर और प्रभावी कार्रवाई की गई होती, तो आरोपी दोबारा इस प्रकार की हरकत करने का साहस नहीं करता।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह आरोपी कथित रूप से पीड़ित के घर पहुंचा और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी का आक्रामक व्यवहार देखा जा सकता है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कानून का भय कायम रखने के लिए पुलिस को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
इस संबंध में बाराहाट थाना की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। हालांकि, क्षेत्र में चर्चा है कि पूर्व में दर्ज मामले पर कार्रवाई में हुई देरी के कारण ही आरोपी का मनोबल बढ़ा है। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित राजीव झा,खगड़िया प्रेस ब्यूरो,बिहार संप्रेषित।

Comments