पेट्रोल कम देने का विरोध करने पर युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप
पेट्रोल कम देने का विरोध करने पर युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप
जनक्रांति कार्यालय संवाददाता रिपोर्ट
पंप संचालक अपने कुछ सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा परिवार सहित जान से मारने की दी धमकी
गढ़पुरा/बेगूसराय, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन कार्यालय न्यूज डेस्क 23 जून 2026)। गढ़पुरा थाना क्षेत्र के एक युवक ने पेट्रोल पंप कर्मियों एवं संचालक पर पेट्रोल कम देने का विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने गढ़पुरा थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़पुरा वार्ड संख्या-11 निवासी ऋतुराज कुमार ने अपने आवेदन में बताया है कि 22 जून 2026 को लगभग 3:50 बजे वह गढ़पुरा स्थित नारायण फ्यूल सेंटर पर अपनी बाइक में 70 रुपये का पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद भी बाइक की टंकी में पेट्रोल नहीं पहुंचा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पेट्रोल पंप के कर्मियों और वहां मौजूद प्रबंधक ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की एवं मारपीट की।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पंप संचालक अपने कुछ सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान उनकी बाइक की चाबी छीन ली गई तथा बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें चाबी वापस मिली।
पीड़ित ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
(नोट: समाचार आवेदक द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।)
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments