भूमि घोटालों के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, बुलडोज़र अभियान पर उठाए सवाल

भूमि घोटालों के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, बुलडोज़र अभियान पर उठाए सवाल

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
नागरिक अधिकार चेतना परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सक्सेना ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित केंद्र सरकार से कथित अवैध निर्माण और भूमि अतिक्रमण मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

नई दिल्ली, भारत (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 27 जून 2026)। नागरिक अधिकार चेतना परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वतंत्रता सेनानी परिवार से जुड़े वरिष्ठ नागरिक जगदीश सक्सेना ने दिल्ली में चल रहे बुलडोज़र अभियान को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों-अरबों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर कथित अवैध निर्माण करने वाले प्रभावशाली लोगों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जा रही, जबकि आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है।
सक्सेना ने दावा किया कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), कैंटोनमेंट बोर्ड तथा नगर निगम के कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत से सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण हुए हैं। उन्होंने मांग की कि इन मामलों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम सभा से संबंधित नियमों और भूमि संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है। सक्सेना ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री तथा रक्षा मंत्री से इन मामलों में निष्पक्ष हस्तक्षेप कर सभी आरोपों की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध समान रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रेस विज्ञप्ति के अंत में सक्सेना ने अपनी राजनीतिक अपील रखते हुए कहा कि जनता को भ्रष्टाचार और कथित भूमि घोटालों के मुद्दे पर सजग होकर निर्णय लेना चाहिए।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादज राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments