मुर्गियाचक-ताजपुर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान शुरू
मुर्गियाचक-ताजपुर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान शुरू
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
काम, भूमि, आवास, शिक्षा-चिकित्सा और राशन कार्ड बहाली को लेकर होगा आंदोलन : प्रभात रंजन गुप्ता
संजीव सहनी हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव : सुरेंद्र प्रसाद सिंह
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 16 जून 2026)। ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक गांव में मंगलवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) द्वारा सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व खेग्रामस के प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता तथा भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।
इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और गरीबों, खेत मजदूरों तथा मेहनतकश लोगों के अधिकारों की लड़ाई को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने भूमिहीन परिवारों को वासभूमि एवं आवास उपलब्ध कराने, जरूरतमंद लोगों के रद्द राशन कार्ड बहाल करने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर व्यापक आंदोलन चलाने की बात कही। साथ ही बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ भी संघर्ष तेज करने की घोषणा की।
नेताओं ने ताजपुर थाना कांड संख्या - 98/26 के तहत मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव सहनी हत्याकांड के आरोपितों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
हत्याकांड के आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव किया जाएगा। नेताओं ने क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
मौके पर मो. कादिर, मो. अख्तर, सुखिया खातून, रुखसाना खातून, जहाना खातून, मो. सितारे समेत कई ग्रामीण मौजूद थे। सदस्यता अभियान के दौरान संगठन विस्तार और जनसमस्याओं को लेकर आगामी संघर्ष की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments