पटना में मृत नीट छात्रा के परिवार से मिली ऐपवा टीम, बोली— “बिहार में बेटियां असुरक्षित, न्याय के लिए होगा आंदोलन”

पटना में मृत नीट छात्रा के परिवार से मिली ऐपवा टीम, बोली— “बिहार में बेटियां असुरक्षित, न्याय के लिए होगा आंदोलन”

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
ऐपवा नेता प्रीति राय पटेल ने कहा कि संगठन पीड़ित बेटियों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगा।

समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 5 जून 2026)। पटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत नीट छात्रा श्रुति कर्ण के पैतृक गांव समस्तीपुर जिले के पोखरैरा पहुंचकर अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की टीम ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने के लिए हरसंभव संघर्ष करने का भरोसा दिया तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मौके पर ऐपवा की जिला अध्यक्ष बंदना सिंह ने कहा कि बिहार में बेटियां लगातार असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ बढ़ रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि मृत छात्रा के मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कठोर सजा दी जाए।
उन्होंने हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 2 जून को समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखंड के भगीरथपुर में एक 9 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि 3 जून को आदर्शनगर की एक छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ मिला। ऐसी घटनाएं राज्य में बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ी करती हैं।
ऐपवा नेता प्रीति राय पटेल ने कहा कि संगठन पीड़ित बेटियों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला तो व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की और उनके दुख में सहभागी होते हुए न्याय की लड़ाई में हर कदम पर साथ रहने का आश्वासन दिया। ऐपवा नेताओं ने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा तथा मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर उपस्थित संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बेटियों की सुरक्षा और न्याय के सवाल पर ऐपवा लगातार आवाज उठाता रहेगा तथा दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments