भ्रामक खबर के विरोध में 'द इंडियन एक्सप्रेस' की प्रतियां फूंकी, कार्रवाई की उठी मांग

भ्रामक खबर के विरोध में 'द इंडियन एक्सप्रेस' की प्रतियां फूंकी, कार्रवाई की उठी मांग

जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल ब्यूरो चीफ अनीस कुमार सिंह की रिपोर्ट 
पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे की रूट परिवर्तन संबंधी खबर को लेकर जद(यू) कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, संवाददाता पर कार्रवाई की मांग

बिदुपुर/वैशाली (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क , 29 जून 2026)। पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित मार्ग परिवर्तन संबंधी प्रकाशित समाचार के विरोध में सोमवार को वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत कुतुबपुर स्थित चौरसिया मार्केट परिसर में जद(यू) कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' अखबार की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अखबार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समाचार को भ्रामक एवं तथ्यहीन बताया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 15 जून को प्रकाशित खबर में सरायरंजन क्षेत्र में प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के रूट परिवर्तन का उल्लेख करते हुए स्थानीय विधायक एवं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी का नाम जोड़ा गया था, जिससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई।
कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि बाद में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि सरायरंजन क्षेत्र में पटना–पूर्णिया एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित रूट में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है तथा प्रकाशित समाचार तथ्यहीन एवं भ्रामक है।
इसी मामले में सामाजिक कार्यकर्ता एवं समस्तीपुर जद(यू) युवा जिलाध्यक्ष विशाल कुमार द्वारा संबंधित समाचार पत्र के संपादक एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध सरायरंजन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की भी जानकारी दी गई।
जद(यू) के सरायरंजन विधानसभा प्रभारी गजेंद्र चौरसिया ने कहा कि भ्रामक खबर के माध्यम से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिसे पार्टी कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने संबंधित संवाददाता के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।
विरोध प्रदर्शन में विद्यापतिनगर प्रखंड अध्यक्ष रंजीत सिंह (टुनटुन सिंह), मुखिया संजीत सहनी, मुखिया विवेकानंद सिंह, राकेश सिंह, सुनील कुंवर, बेनी कुंवर, मनराम सिंह, गणेश गिरी, चतुरानंद गिरी, सतीश गिरी, मनीष सिंह, ज्ञानदीप सहित बड़ी संख्या में जद(यू) कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अपने नेता पर लगाए गए कथित गलत आरोपों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments