ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लॉइज यूनियन की बापूधाम मोतिहारी शाखा की बैठक संपन्न
ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लॉइज यूनियन की बापूधाम मोतिहारी शाखा की बैठक संपन्न
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
रेलकर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता के साथ आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा : ECREU
मोतिहारी,बिहार ( जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 27 जून 2026)। ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लॉइज यूनियन (ECREU) की बापूधाम मोतिहारी शाखा समिति द्वारा शनिवार को मोतिहारी रेलवे स्टेशन के समीप रेलकर्मियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक एवं आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन मंडल कार्यवाहक अध्यक्ष श्री कैलाश पासवान ने किया।
आमसभा को संबोधित करते हुए जोनल संयुक्त सचिव श्री रत्नेश कुमार वर्मा ने शाखा पदाधिकारियों के कर्तव्यों, अनुशासन, वरिष्ठता तथा विभिन्न समितियों की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेलवे में निजीकरण और निगमीकरण की प्रक्रिया तेज़ी से बढ़ाई जा रही है। साथ ही 55/30 सेवा समीक्षा नीति, NPS तथा UPS जैसी व्यवस्थाओं पर भी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से कर्मचारी हित में पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग की। उन्होंने IREF/NMOPS के आह्वान पर अगस्त 2026 में दिल्ली में प्रस्तावित NPS/UPS एवं रेलवे निजीकरण विरोधी विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
मंडल कार्यवाहक अध्यक्ष श्री कैलाश पासवान ने कहा कि NPS एवं UPS को समाप्त कर OPS लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने सेना की तर्ज पर रेलवे कर्मचारियों को भी रैंक आधारित पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की।
मंडल सचिव श्री संजीव मिश्रा ने कहा कि उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 29 श्रम कानूनों को बदलकर चार नए श्रम संहिता कानून बनाए गए हैं, जो श्रमिक हितों के विरुद्ध हैं।
मंडल सहायक सचिव श्री संतोष मिश्रा ने आरोप लगाया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से रेलवे का निजीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में अलग रेल बजट की व्यवस्था समाप्त कर दी गई, जिससे रेलवे की स्वायत्तता प्रभावित हुई।
जोनल संगठन सचिव श्री चंदन कुमार यादव ने कहा कि NPS/UPS न तो कर्मचारियों के हित में है और न ही देश के हित में। उन्होंने सिग्नल विभाग में आउटसोर्सिंग के नाम पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की।
मंडल उपाध्यक्ष श्री राजीव कुमार ने देशभर के कर्मचारियों के लिए समान पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए IREF द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।
शाखा पदाधिकारी श्री एस.पी. राय ने PNM वार्ता की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। शाखा अध्यक्ष श्री बृजमोहन ठाकुर ने रनिंग कर्मचारियों के किलोमीटर भत्ते में टीए के अनुपात में 25 प्रतिशत वृद्धि की मांग की।
मंडल कोषाध्यक्ष श्री अविनाश कुमार ने यूनियन की वित्तीय पारदर्शिता एवं संसाधनों के समुचित उपयोग की जानकारी दी।
शाखा सदस्य श्री मनीष कुमार ने सिग्नल विभाग में 24 घंटे ड्यूटी, नाइट फेलियर गैंग की अनुपलब्धता, यूनिट चार्ट के अनुरूप मेंटेनेंस कार्य नहीं होने तथा इंजीनियरिंग गेटमैन एवं पॉइंट्समैन से 12-12 घंटे ड्यूटी लिए जाने जैसे मुद्दे उठाए।
सभा में रेलवे निजीकरण, NPS/UPS, कर्मचारी सुविधाओं एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अपने संबोधन में श्री रत्नेश कुमार वर्मा ने कहा कि रेलवे में कर्मचारियों की भारी कमी के कारण कार्य का अत्यधिक दबाव है, जिससे रन-ओवर जैसी दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने रेल पटरियों पर कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों को जीवनरक्षक उपकरण, सुरक्षा सामग्री (सेफ्टी शू, विंटर जैकेट आदि) तथा कम-से-कम एक करोड़ रुपये के जीवन बीमा की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि BOS के अनुसार रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जानी चाहिए तथा ड्यूटी रोस्टर का नियमित पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में संस्थापक सदस्य श्री ए.एन. पटेल ने वर्ष 2008 से यूनियन को सशक्त बनाए रखने के संघर्षों का उल्लेख करते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
उपरोक्त जानकारी व्हाट्सप्प माध्यम से
चंदन कुमार यादव, जोनल संगठन सचिव
ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लॉइज यूनियन (ECREU), हाजीपुर जोन द्वारा प्रेस कार्यालय को दिया गया। समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments