आवास योजना में अनियमितता व घूसखोरी के खिलाफ 10 अगस्त को नगर परिषद कार्यालय का घेराव करेगी भाकपा माले
आवास योजना में अनियमितता व घूसखोरी के खिलाफ 10 अगस्त को नगर परिषद कार्यालय का घेराव करेगी भाकपा माले
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
सड़क, नाला, जलनिकासी, पेयजल और आवास योजना में पात्र गरीबों को लाभ दिलाने की मांग; खेग्रामस के सदस्यता अभियान में 47 नए सदस्य जुड़े
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 26 जुलाई 2026)। भाकपा माले और खेग्रामस ने ताजपुर नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। जर्जर एवं टूटी सड़कों और नालों का निर्माण, आवास योजना में कथित अनियमितता एवं घूसखोरी पर रोक, पात्र गरीबों को आवास उपलब्ध कराने, जलनिकासी, पेयजल सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की मांग को लेकर आगामी 10 अगस्त को ताजपुर नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस संबंध में भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, आवास योजना में अनियमितता और लाभुकों से अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इधर, हरिशंकरपुर बघौनी में रविवार को खेग्रामस की ओर से सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 47 नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा गया। सदस्यता अभियान का नेतृत्व भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह और खेग्रामस के प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि दलितों, गरीबों, खेत मजदूरों और वंचित तबकों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए संगठन का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने आगामी 10 अगस्त को होने वाले नगर परिषद कार्यालय घेराव में बड़ी संख्या में लोगों से भाग लेने की अपील की। सदस्यता अभियान में स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments