हर घर से ₹1200 वार्षिक टैक्स वसूली के प्रस्ताव का खेग्रामस करेगा विरोध : सुरेंद्र
हर घर से ₹1200 वार्षिक टैक्स वसूली के प्रस्ताव का खेग्रामस करेगा विरोध : सुरेंद्र
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
सदस्यता अभियान के दौरान राशन कार्ड, पेंशन, भूमि और आवास सहित जनसमस्याओं को लेकर उठी आवाज
ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 5 जुलाई 2026)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के सदस्यता अभियान के तहत रविवार को ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक एवं हरिशंकरपुर बघौनी स्थित धोबिया पोखर पर बैठक आयोजित की गई। अभियान का नेतृत्व भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता तथा जीतेंद्र सहनी ने संयुक्त रूप से किया।
बैठक को संबोधित करते हुए सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि ग्रामीण गरीबों से हर घर पर सालाना ₹1200 टैक्स वसूली का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी योजनाओं में कटौती से पहले ही ग्रामीण जनता परेशान है। ऐसे में अतिरिक्त कर का बोझ डालना गरीबों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खेग्रामस इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करेगी।
बैठक में वक्ताओं ने बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द किए जाने, आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं तथा बंद पड़ी वृद्धावस्था, विधवा (मोसमात) और दिव्यांग पेंशन योजनाओं को अविलंब पुनः चालू करने की मांग की। साथ ही भूमिहीन गरीबों को भूमि एवं आवास उपलब्ध कराने तथा सभी पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
नेताओं ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव में संगठन को मजबूत किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान के दौरान कई ग्रामीणों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में स्थानीय ग्रामीणों एवं खेग्रामस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments