श्रावणी मेला 2026 : बाबा हरिगिरी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी से व्यापक व्यवस्था की मांग

श्रावणी मेला 2026 : बाबा हरिगिरी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी से व्यापक व्यवस्था की मांग

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
सिमरिया धाम से बाबा हरिगिरी धाम तक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, ट्रैफिक नियंत्रण, ड्रोन निगरानी एवं भीड़ प्रबंधन सहित 24 सूत्री मांग पत्र सौंपने की पहल।

बेगूसराय,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 11 जुलाई, 2026)। श्रावणी मेला 2026 को लेकर बाबा हरिगिरी धाम, गढ़पुरा में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, बेगूसराय का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। इस संबंध में एक विस्तृत मांग पत्र के माध्यम से सिमरिया धाम से बाबा हरिगिरी धाम तक संपूर्ण कांवरिया पथ एवं मेला क्षेत्र में आवश्यक प्रशासनिक और जनसुविधाओं को समय पर लागू करने का अनुरोध किया गया है।
मांग पत्र में सिमरिया गंगा घाट पर महिला एवं पुरुष पुलिस बल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, गोताखोरों की तैनाती तथा ड्रोन कैमरे से निगरानी, अस्थायी शौचालय, मेडिकल कैंप और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा कांवरिया पथ पर प्रत्येक तीन किलोमीटर पर मेडिकल कैंप एवं शौचालय, प्रत्येक पांच किलोमीटर पर विश्राम शिविर, चलंत एंबुलेंस और चलंत शौचालय उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है।
मेला क्षेत्र एवं कांवरिया पथ पर जलजमाव की समस्या के समाधान, फायर सेफ्टी के लिए दमकल वाहनों की तैनाती, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, कांवर स्टैंड, दिशा-सूचक बोर्ड, नियंत्रण कक्ष, उद्घोषणा केंद्र, खोया-पाया केंद्र तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की भी मांग की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए बाबा हरिगिरी धाम मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल, सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती, अस्थायी वॉच टावर, ड्रोन निगरानी तथा स्थानीय स्वयंसेवकों के माध्यम से भीड़ नियंत्रण का मॉक ड्रिल कराने का सुझाव भी दिया गया है।
इसके साथ ही श्रावणी मेला के दौरान रविवार रात्रि 10 बजे से सोमवार शाम 6 बजे तक बाबा हरिगिरी धाम से नित्यानंद चौक, मंझौल तक आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर दोपहिया से ऊपर के सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा कांवरिया पथ पर खुले में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की गई है।
मांग पत्र में यह भी कहा गया है कि श्रावणी मेला के शुभारंभ से पूर्व सभी मूलभूत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर उन्हें पूर्ण रूप से लागू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अंत में जिलाधिकारी से आग्रह किया गया है कि श्रद्धालुओं, शिवभक्तों एवं आम जनों की आस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर लागू कराया जाए, जिससे श्रावणी मेला 2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उपरोक्त आशय की मांग पत्र जिलाधिकारी से ऋतूराज कुमार के द्वारा किया गया है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments