वासभूमि, आवास और राशन कार्ड बहाली की मांग को लेकर 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड-अंचल कार्यालय का घेराव

वासभूमि, आवास और राशन कार्ड बहाली की मांग को लेकर 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड-अंचल कार्यालय का घेराव

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
मौलानाचक व सरसौना में सदस्यता अभियान; 45 लोगों ने ग्रहण की खेग्रामस की सदस्यता

ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क | 11 जुलाई 2026)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) ने शनिवार को ताजपुर प्रखंड के मौलानाचक एवं सरसौना गांव में सदस्यता अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह एवं खेग्रामस के प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। इस दौरान 45 लोगों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि भूमिहीन एवं गरीब परिवारों को वासभूमि और आवास उपलब्ध कराने, रद्द किए गए राशन कार्डों को पुनर्बहाल करने, योगियामठ-बहेलिया टोला जर्जर सड़क का निर्माण कराने तथा विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर खेग्रामस एवं भाकपा (माले) के संयुक्त नेतृत्व में 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर वर्षों से बसे परिवारों को वासगीत पर्चा देने, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने तथा बस्तियों तक पहुंच पथ का निर्माण कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि भूमि एवं आवास संबंधी समस्याओं के कारण गरीब परिवारों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नेताओं ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों को आंदोलन के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनसंघर्ष भी किया जाएगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments