क़स्बे आहर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान, 45 से अधिक ग्रामीण बने सदस्यजनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
क़स्बे आहर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान, 45 से अधिक ग्रामीण बने सदस्य
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
25 जुलाई के ताजपुर प्रखंड-अंचल कार्यालय घेराव में बड़ी भागीदारी का आह्वान, वासभूमि, मनरेगा, राशन व भूमि अधिकार के सवालों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 14 जुलाई 2026)।अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) ने संगठन को मजबूत बनाने और ग्रामीण गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को तेज करने के उद्देश्य से मंगलवार को ताजपुर प्रखंड के क़स्बे आहर में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अखिल भारतीय किसान महासभा के नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह तथा संजीव कुमार राय ने संयुक्त रूप से किया।
अभियान के दौरान ग्रामीण मजदूरों, सीमांत किसानों, बटाईदारों एवं आर्थिक रूप से कमजोर तबकों के बीच संगठन की भूमिका, उद्देश्य और जनसंघर्षों की जानकारी दी गई। नेताओं ने कहा कि खेग्रामस वर्षों से खेत मजदूरों, भूमिहीनों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है तथा आने वाले दिनों में इस संघर्ष को और व्यापक बनाया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने वासभूमि-आवास, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, भूमि अधिकार समेत विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 25 जुलाई को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि गरीबों और मजदूरों की समस्याओं का स्थायी समाधान संगठित जनसंघर्ष से ही संभव है।
सदस्यता अभियान के दौरान 45 से अधिक लोगों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की। स्थानीय ग्रामीणों ने भी संगठन के अभियान और जनआंदोलनों में सक्रिय भागीदारी की इच्छा जताते हुए सदस्यता अभियान को समर्थन दिया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments