भाकपा माले ने संस्थापक महासचिव चारु मजुमदार की 54वीं शहादत बरसी श्रद्धापूर्वक मनाई
भाकपा माले ने संस्थापक महासचिव चारु मजुमदार की 54वीं शहादत बरसी श्रद्धापूर्वक मनाई
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
विचारों को किया याद, संगठन मजबूत करने व 10 अगस्त के नगर परिषद घेराव को सफल बनाने का लिया संकल्प
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 28 जुलाई 2026)। भाकपा (माले) ताजपुर प्रखंड कमिटी के बैनर तले मंगलवार को पार्टी के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारु मजुमदार की 54वीं शहादत बरसी रहीमाबाद के बहादुरनगर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कॉमरेड चारु मजुमदार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन और विचारों को याद किया। इस दौरान पार्टी की केंद्रीय कमिटी द्वारा जारी आह्वान-पत्र का सामूहिक पाठ भी किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पार्टी एवं जनसंगठनों को व्यापक स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प लिया। साथ ही संविधान और मौलिक अधिकारों पर उत्पन्न खतरों तथा विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं में कथित लूट और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनआंदोलनों को और तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में एक प्रस्ताव पारित कर आगामी 10 अगस्त को ताजपुर नगर परिषद कार्यालय के प्रस्तावित घेराव को बड़ी भागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील ताजपुरवासियों से की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा (माले) के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। इस अवसर पर प्रखंड कमिटी सदस्य आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रभात रंजन गुप्ता, मो. एजाज, संजीव राय, नीलम देवी, रधिया देवी, अनीता देवी, जीरबा देवी, सुनीता देवी, धर्मेंद्र पासवान, मो. कादीर, रुखशाना खातून, रेहाना खातून, सुखिया खातून सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments