विद्यापति प्रखंड को मिली डिग्री कॉलेज की सौगात, छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर

विद्यापति प्रखंड को मिली डिग्री कॉलेज की सौगात, छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर

जनक्रांति कार्यालय से अनुमंडल चीफ ब्यूरो अनीश कुमार सिंह की रिपोर्ट 
मिर्जापुर स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में अब होगी स्नातक की पढ़ाई, खासकर छात्राओं को मिलेगा बड़ा लाभ

दलसिंहसराय/विद्यापतिनगर, समस्तीपुर (बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 4 जुलाई 2026)। समस्तीपुर जिले के विद्यापति प्रखंड के मिर्जापुर स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, विद्यापति नगर में अब स्नातक (डिग्री) की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। इस खबर से पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से जिस सुविधा का इंतजार था, वह अब साकार हो गया है।
महाविद्यालय में डिग्री पाठ्यक्रम शुरू होने से सबसे अधिक लाभ छात्राओं को मिलेगा। अब उन्हें स्नातक की पढ़ाई के लिए दलसिंहसराय, सरायरंजन या मोहिउद्दीननगर जैसे अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय, यात्रा खर्च और अन्य आर्थिक बोझ में कमी आएगी, वहीं अभिभावकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
स्थानीय छात्राओं ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले उच्च शिक्षा के लिए दूसरे प्रखंडों में जाना पड़ता था, जिससे आने-जाने में काफी समय और खर्च लगता था। अब अपने ही क्षेत्र में डिग्री कॉलेज उपलब्ध होने से वे बिना किसी परेशानी के स्नातक की पढ़ाई पूरी कर सकेंगी।
ग्रामीणों और अभिभावकों का मानना है कि प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की पहल उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।
गौरतलब है कि प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज स्थापित करने की योजना बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक उच्च शिक्षा की आसान पहुंच सुनिश्चित करना और शिक्षा के स्तर को मजबूत बनाना है।
प्रकाशक एवं संपादक: राजेश कुमार वर्मा
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशित एवं प्रसारित।

Comments