रील बनाने के दौरान बागमती नदी में डूबे युवक का शव दो दिन बाद बरामद

रील बनाने के दौरान बागमती नदी में डूबे युवक का शव दो दिन बाद बरामद

जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट 
एसडीआरएफ की लगातार तलाश के बाद जलकुंभी में फंसा मिला शव, पुलिस व स्थानीय जनप्रतिनिधियों का रहा सहयोग

खगड़िया, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 8 जुलाई 2026)। खगड़िया जिला के चौथम थाना क्षेत्र के बौरने घाट स्थित बागमती नदी में रील बनाने के दौरान सोमवार को डूबे युवक रजनीश कुमार चौधरी का शव दो दिन बाद मंगलवार को बरामद कर लिया गया।
एसडीआरएफ खगड़िया की टीम ने लगातार दो दिनों तक चलाए गए अथक खोज अभियान के बाद लौंगा-फुलवरिया के समीप जलकुंभी में फंसा शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अभियान में मध्य वरुणय पंचायत के युवा मुखिया तथा चौथम थाना पुलिस का भी सराहनीय सहयोग रहा। चौथम थाना के एएसआई अभिमन्यु कुमार घटना के दिन से ही राहत एवं खोज अभियान में सक्रिय रूप से जुटे हुए थे।
शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। यह हादसा सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे तरीके से रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
रिपोर्ट: राजीव झा, प्रेस ब्यूरो बिहार एवं जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ ब्यूरो, अतुल्य भारत चेतना न्यूज़ द्वारा संप्रेषित व समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments