पूसा विद्युत कार्यालय की लापरवाही से ग्रामीण इलाकों में गहराया बिजली संकट, आरवाईए ने दी आंदोलन की चेतावनी
पूसा विद्युत कार्यालय की लापरवाही से ग्रामीण इलाकों में गहराया बिजली संकट, आरवाईए ने दी आंदोलन की चेतावनी
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
हल्की बारिश और हवा में घंटों ठप हो जाती है बिजली आपूर्ति; किसानों, छात्रों, छोटे व्यवसायियों और नल-जल योजना पर पड़ रहा गंभीर असर, जर्जर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग।
पूसा/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 9 जुलाई 2026)। इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) के जिला सचिव रौशन कुमार ने पूसा विद्युत कार्यालय की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि क्षेत्र में थोड़ी-सी बारिश या हल्की हवा चलने पर भी घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों की जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि बिजली बाधित होने से किसानों की सिंचाई, छात्रों की पढ़ाई, छोटे व्यवसायों तथा आम लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं सात निश्चय योजना के अंतर्गत संचालित हर घर नल-जल योजना भी पूरी तरह बिजली पर निर्भर है। बिजली आपूर्ति ठप होते ही पेयजल की आपूर्ति भी बंद हो जाती है, जिससे लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रौशन कुमार ने आरोप लगाया कि पूसा विद्युत कार्यालय द्वारा जर्जर तारों, खराब उपकरणों और अन्य तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की जा रही है। परिणामस्वरूप मामूली बारिश या हवा चलने पर भी ग्रामीण उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट झेलना पड़ता है। उन्होंने आगे विद्युत विभाग से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था को अविलंब सुदृढ़ किया जाए, जर्जर तारों एवं खराब उपकरणों को बदला जाए तथा निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आम जनता को साथ लेकर पूसा विद्युत कार्यालय के विरुद्ध चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।
उपरोक्त जानकारी व्हाट्सप्प ग्रुप के माध्यम से रौशन कुमार "आरवाईए" जिला सचिव, समस्तीपुर द्वारा प्रेस को दिया गया।

Comments