महेशखूंट को अपना बस स्टैंड आखिर कब मिलेगा..?

महेशखूंट को अपना बस स्टैंड आखिर कब मिलेगा..?

जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट 
बस स्टैंड पर कथित अतिक्रमण, चौक पर वाहनों का जमावड़ा; रोजाना जाम से राहगीर और यात्री परेशान, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।

महेशखूंट (खगड़िया), बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 11 जुलाई 2026)। महेशखूंट में वर्षों से बने बस स्टैंड का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस स्टैंड परिसर पर कुछ दबंगों द्वारा कथित रूप से गिट्टी, बालू एवं अन्य निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके कारण बसों, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों को बस स्टैंड का उपयोग करने के बजाय महेशखूंट चौक पर ही वाहन खड़े कर यात्रियों को बैठाना पड़ता है।
इस व्यवस्था के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) स्थित महेशखूंट चौक पर प्रतिदिन भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। जाम के दौरान पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है और आम लोगों, यात्रियों तथा स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त कराकर व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए, तो बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों का संचालन वहीं से हो सकेगा। इससे महेशखूंट चौक पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है और यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी।
लोगों का यह भी आरोप है कि जिला प्रशासन अब तक बस स्टैंड को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पाया है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर बस स्टैंड को चालू कराने तथा महेशखूंट चौक की यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
साथ ही, लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को भी इस जनहित के मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को रोजाना होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।
— राजीव झा प्रेस ब्यूरो, जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ ब्यूरो अतुल्य भारत चेतना न्यूज़ एवं यूथ एजेंडा चैनल की रिपोर्ट समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments