नगर निगम क्षेत्र की यह सड़क साल में चार माह रहती है जलमग्न, जलजमाव से त्रस्त हैं लोग : सुरेंद्र
नगर निगम क्षेत्र की यह सड़क साल में चार माह रहती है जलमग्न, जलजमाव से त्रस्त हैं लोग : सुरेंद्र
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
विवेक विहार मुहल्ले की सीमा से सटे आदर्शनगर वार्ड-40 की सड़क पर लगातार जलजमाव, पैदल यात्रियों और वाहन चालकों का आवागमन हुआ दूभर
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 12 जुलाई 2026)। समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के विवेक विहार मुहल्ले की दक्षिणी सीमा पर स्थित आदर्शनगर वार्ड संख्या-40 की सड़क पर लगातार जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि वर्षा ऋतु के दौरान यह सड़क लगभग चार माह तक आवागमन के लिए अनुपयोगी बनी रहती है। पैदल यात्रियों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी जलजमाव, कीचड़ और दुर्गंध के कारण इस मार्ग से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रविवार को भाकपा (माले) की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि क्रांति होटल के समीप मोहनपुर रोड मुख्य मार्ग से विवेक विहार होते हुए आदर्शनगर को पंचवटी चौक स्थित मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली यह सड़क नगर निगम क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। इसके बावजूद यह वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे आम लोगों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि नगर निगम के आयुक्त, महापौर, उपमहापौर तथा संबंधित वार्ड पार्षद इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
माले टीम ने नगर निगम प्रशासन से युद्धस्तर पर सड़क एवं नाला निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आंदोलन चलाया जाएगा।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि जलजमाव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है। बरसात के दिनों में यह सड़क पूरी तरह तालाब का रूप ले लेती है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से अविलंब सड़क एवं नाला निर्माण कराने की मांग की है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments