लखनऊ में योगवीर क्लब का वृहद वृक्षारोपण व श्रमदान अभियान
लखनऊ में योगवीर क्लब का वृहद वृक्षारोपण व श्रमदान अभियान
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
मानस एन्क्लेव के मिलन पार्क में 25 से अधिक पौधे लगाए, पर्यावरण संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प
लखनऊ,उत्तरप्रदेश (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 13 जुलाई 2026)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ, हरित समाज के निर्माण के उद्देश्य से योगवीर क्लब ऑफ लखनऊ की ओर से इंदिरा नगर स्थित मानस एन्क्लेव के मिलन पार्क में वृहद वृक्षारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 25 से अधिक पौधों का रोपण किया गया तथा क्लब के सदस्यों ने पार्क की साफ-सफाई कर पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। इससे नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का संदेश गया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के उपरांत योगवीर क्लब के अध्यक्ष शिव चंद सिंह के सौजन्य से सभी सदस्यों ने दही-जलेबी का आनंद लिया और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
इस अवसर पर भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त नरेंद्र नाथ राय ने कहा कि "वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल अवश्य करनी चाहिए।"
राकेश मेहरोत्रा ने कहा कि "स्वच्छ और हरित वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। योगवीर क्लब का यह अभियान समाज के लिए प्रेरणादायक है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।"
एडवोकेट सचिन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि "पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। वृक्षारोपण और श्रमदान जैसे जनभागीदारी वाले अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम हैं।"
कार्यक्रम में दिलीप द्विवेदी, संजय मेहरोत्रा, आनंद शर्मा, महेंद्र शर्मा, भारतीय सेना से सेवानिवृत्त योगेश तिवारी, एस. एन. सिंह सहित क्लब के अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण बना। सभी सदस्यों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक /सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments